दुनिया की स्थिरता में अहम भूमिका निभा रही है भारतीय नौसेना: प्रधानमंत्री मोदी”

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व व्यापार में हिन्द महासागर के नौवहन मार्गों की महत्वपूर्ण स्थिति को रेखांकित करते हुए रविवार को कहा कि इनकी सुरक्षा करते हुए भारतीय नौसेना दुनिया को स्थिर रखने में बड़ी भूमिका निभा रही है।प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत महासागरों को लेकर एक ऐसी सोच के साथ काम कर रहा है जिसके अंतर्गत भारत दूसरे देशों के विकास में सहभागिता के साथ जरूरत पड़ने पर तीव्र गति से मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए भी उपस्थित रहता है। श्री मोदी ने हर वर्ष दीपावली को सैनिकों के बीच मनाने की परंपरा को जारी रखते हुए इस बार गोवा के तट और कारवार नौसैनिक अड्डे पर स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत का दौरा किया और वहां बहादुर नौसैनिकों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने कल रात इसी पोत पर बिताया और देश में विकसित इस विमानवाहक पोत को मेक-इन- इंडिया का प्रतीक बताया।श्री मोदी ने कहा, ‘ आज जब परस्पर निर्भर देशों की अर्थव्यवस्था और प्रगति समुद्री रास्तों पर निर्भर है, तब भारत की नेवी ग्लोबल स्थिरता में अहम भूमिका निभा रही है। इस समय दुनिया की 66 प्रतिशत तेल आपूर्ति, कंटेनर में भर कर भेजे जाने वाले 50 प्रतिशत माल की ढुलाई हिंद महासागर से होकर गुजरती है और इनके मार्ग की सुरक्षा में भारतीय नौसेना हिंद महासागर के प्रहरी की तरह तैनात है।”उन्होंने इस काम में नौसेना के जवानों और अधिकारियों की महती भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि इसके अलावा, भारतीय नौसेना विशेष अभियान , समुद्री लुटेरों के बचाव के लिए गश्त और मानवीय सहायता अभियान के माध्यम से वैश्विक सुरक्षा के भागीदार की भूमिका निभाती है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ शक्ति और सामर्थ्य को लेकर भारत की परंपरा रही है- ज्ञानाय, दानाय च रक्षणाय! अर्थात्, हमारा विज्ञान, हमारी समृद्धि और हमारी ताकत, मानवता की सेवा और मानवता की सुरक्षा के लिए होती है।”उन्होंने देश के द्वीपों और राष्ट्र की भौगोलिक अखंडता में भी नौसेना की भूमिका को बड़ी भूमिका को रखांकित किया और 26 जनवरी को देश के हर द्वीप पर तिरंगा फहराने के सरकार के निर्णय को लागू करने के लिए नौसेना को बधाई दी। उन्होंने कहा, ” मैं नेवी को बधाई देता हूं! आज भारत के हर द्वीप पर नौसेना तिरंगा फहरा रही है। ”प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपने साथ के दक्षिणी गोलार्द्ध के विकासशील देशों को भी तरक्की करते देखना चाहता है। इसके लिए ‘महासागर मैरिटाइम विज़न’ पर तेज गति से काम किये जा रहे हैं। भारत कई देशों के विकास में सहयोग कर रहा है और “जरूरत पड़ती है, तो हम धरती के किसी भी कोने में मानवीय मदद के लिए भी मौजूद रहते हैं। अफ्रीका से लेकर साउथ ईस्ट एशिया तक, आपदा के समय, विपत्ति के समय दुनिया भारत को विश्वबंधु के रूप में देखती है।”श्री मोदी ने इसी संदर्भ में 2014 में मालदीव में पानी के संकट के समय चलाए गए ऑपरेशन नीर , 2017 में श्रीलंका में बाढ़ की विभीषिका , 2018 में इंडोनेशिया में सुनामी की तबाही , हाल में म्यांमार में भूकंप, 2019 में मोज़ाम्बिक और 2020 में मेडागास्कर के संकट का उल्लेख करते हुए कहा, ” भारत हर जगह सेवा की भावना से पहुंचा। ”उन्होंने कहा कि यमन से लेकर सूडान तक, जहां-जहां जरूरत पड़ी, आपके शौर्य और साहस ने दुनिया भर में रह रहे भारतीयों को युद्ध के बीच से सुरक्षित निकाल कर उनके भरोसे को बहुत मजबूत किया है। भारत ने “सिर्फ भारतीयों का नहीं, उस देश में फंसे हुए कई देश के नागरिकों को भी बचाकर, निकालकर लाया है और उन्हें उनके घर तक पहुंचाया है।”श्री मोदी ने कहा, ” हमारे सैन्य बलों ने जल-थल-नभ, हर मोर्चे पर और हर परिस्थिति में देश की सेवा की है, समर्पण भाव से सेवा की है, पूरी संवेदनशीलता के साथ सेवा की है। समंदर में हमारी नेवी देश की समुद्री सीमाओं और व्यापारिक हितों की सुरक्षा के लिए तैनात रहती है। आकाश में हमारी एयरफोर्स भारत की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहती है और जमीन पर, तपते रेगिस्तान से लेकर ग्लेशियर्स तक, हमारी सेना, हमारे बीएसएफ के जवान, हमारे भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवान सब मिलकर के चट्टान की तरह खड़े रहते हैं।”

kelanchaltimes
Author: kelanchaltimes

Leave a Comment

Kelanchaltimes हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

और खबरें

डीएसपीएमयू के कुलपति के रूप में प्रो. राजीव मनोहर ने संभाला पदभार, शिक्षकों को दिया नियमित और गुणवत्तापूर्ण कक्षाएं लेने का निर्देश

रांची। प्रो. राजीव मनोहर ने आज पूर्वाह्न 10 बजे Dr. Shyama Prasad Mukherjee University (डीएसपीएमयू), रांची के कुलपति के रूप में पदभार ग्रहण किया। वे

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय परिसर में श्रद्धा और परंपरा के संग गूंजा सरना झंडा गड़ी उत्सव, युवाओं ने लिया संस्कृति संरक्षण का संकल्प

रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची के न्यू बिल्डिंग परिसर में आज आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में पारंपरिक

बिहार के मुजफ्फरपुर में सतर्कता विभाग ने रिश्वत लेते हुए सब-इंस्पेक्टर को पकड़ा

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बिहार निगरानी विभाग की टीम ने सदर थाना में तैनात सब

मेड इन बिहार” की नई परिकल्पना: अर्जुन वृक्ष पर विधायक मैथिली ठाकुर की दूरदर्शी पहल

पटना । बिहार विधानसभा में शून्यकाल के दौरान अलीनगर विधायक मैथिली ठाकुर ने उत्तर बिहार के विकास को नई दिशा देने वाली एक अभिनव और