राज्य में रिक्त पदों पर नियुक्तियों का सिलसिला जारी रहेगाः हेमंत
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत विभिन्न पदों पर नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में नियुक्तियों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए उनसे राज्य की बेहतरी के लिए पूरी निष्ठा और कुशलता के साथ जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में बेहतर नागरिक सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें नई नियुक्तियां अहम भूमिका निभाएंगी।
झारखंड मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि गांवों से शहरों की ओर आबादी का पलायन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे नगरों का आकार और जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में शहरों का व्यवस्थित और योजनाबद्ध विकास आवश्यक है, अन्यथा अव्यवस्थित विस्तार कई तरह की जटिल समस्याएं खड़ी करेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे योजनाबद्ध ढंग से शहरी विकास को आगे बढ़ाएं ताकि नागरिक सुविधाएं बेहतर की जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड पर्यटन और झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जेटीडीसी) के लोगो और आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने से न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के पर्यटन स्थलों को आकर्षक बनाने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। पर्यटन से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और ग्रामीण इलाकों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। उन्होंने इसे राज्य की दीर्घकालिक आर्थिक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार और पर्यटन सचिव मनोज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





