पाकुड़: 2024 विधानसभा चुनाव में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को जबरदस्त झटका लगा है। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से इण्डिया महागठबंधन कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की पत्नी निशात आलम, महेशपुर विधानसभा क्षेत्र से इण्डिया महागठबंधन झामुमो प्रत्याशी प्रो स्टीफन मरांडी व लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से इण्डिया महागठबंधन झामुमो प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू ने जीत हासिल किया है। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में एनडीए घटक दल आजसू प्रत्याशी अजहर इस्लाम चौथे राउंड तक कांग्रेस प्रत्याशी से बढ़त बनाएं रखा। कांग्रेस प्रत्याशी ने पांचवें राउंड के बाद अपना जबरदस्त बढ़त शुरू की। जो अंत तक रहा। कांग्रेस प्रत्याशी निशात आलम को रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत मिली है। जबकि महेशपुर व लिट्टीपाड़ा में भाजपा प्रत्याशी ने एक बार भी झामुमो प्रत्याशी से बढ़त नही बना पाया है। 20 राउंड के मतगणना में पाकुड़ विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी निशात आलम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी आजसू प्रत्याशी अजहर इस्लाम को 85103 वोट से पराजित किया है। निशात आलम को 154022 तो अजहर को 68919 मत प्राप्त हुआ। जबकि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व विधायक अकील अख्तर को 46417 मत लाकर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश शुक्ला उर्फ पिंकू शुक्ला ने 6166 मत लाकर चौथा स्थान प्राप्त किया। महेशपुर विधानसभा क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी प्रो स्टीफन मरांडी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी नवनीत एंथोनी हेंब्रम से 60565 से विजय हुए है। प्रो स्टीफन को 113843 तो नवनीत को 53278 वोट प्राप्त हुआ है। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी बाबुधन मुर्मू को 35787 से पराजित कर जीत हासिल किया। हेमलाल ने 86647 तो बाबुधन ने 50860 मत प्रात किया है। परिणाम घोषित होने के बाद कही खुशी तो कही गम का माहौल देखा गया। जीत के बाद इंडिया महागठबंधन कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखी गई। कार्यकर्ताओं ने अपने प्रत्याशियों को माला पहना कर जीत की बधाई दी। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र का 20, महेशपुर विधानसभा क्षेत्र का 16 व लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 14 राउंड में चुनाव परिणाम संपन्न हुआ। सबसे पहले महेशपुर विधानसभा का मतगणना कार्य संपन्न हुआ। जिसके बाद लिट्टीपाड़ा व पाकुड़ का मतगणना कार्य संपन्न हुआ। निर्वाची पदाधिकारी ने विजय प्रत्याशी को जीत का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मतगणना के दौरान मतगणना हॉल के बाहर मुख्य सड़क पर कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यकर्ताओं ने जमकर बम फोड़े। एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम था। खुद डीसी मनीष कुमार व एसपी प्रभात कुमार सुरक्षा व्यवस्था का समय समय पर जायजा ले रहे थे।
