रांची: डेस्क रिपोर्ट: रांची नगर निगम की राजस्व शाखा ने शहर में टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को निगम की विशेष टीम ने विभिन्न वार्डों में छापेमारी और मापी अभियान चलाया, जिसमें आवासीय की आड़ में व्यावसायिक गतिविधियों और क्षेत्रफल छिपाकर कम होल्डिंग टैक्स भरने के कई सनसनीखेज मामले सामने आए हैं।
प्रमुख संस्थानों में मिली भारी विसंगतियां
निगम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सबसे चौंकाने वाला मामला वार्ड संख्या 35 स्थित V2 Mall में मिला। यहाँ मात्र 780 वर्गफीट आवासीय क्षेत्र का टैक्स भरा जा रहा था, जबकि भौतिक मापी में यह 21,608 वर्गफीट व्यावसायिक क्षेत्र पाया गया।
रामेश्वरम होटल (वार्ड 14): 600 वर्गफीट आवासीय के बदले 4,055 वर्गफीट व्यावसायिक पाया गया।
बुधुवा उरांव कॉम्प्लेक्स (वार्ड 32): 10,800 वर्गफीट के स्थान पर 18,459.75 वर्गफीट क्षेत्रफल मिला।
होटल अक्स रेसेडेंसी (वार्ड 14): 3,150 वर्गफीट के बदले 5,704 वर्गफीट की मापी हुई।
वार्ड 14 स्थित एक हॉस्टल: यहाँ 1,500 वर्गफीट का भुगतान हो रहा था, जबकि असल क्षेत्रफल 11,083 वर्गफीट निकला।
गोपाल कॉम्प्लेक्स (वार्ड 05): यहाँ 760 वर्गफीट के स्थान पर 4,308 वर्गफीट क्षेत्रफल पाया गया।
निगम की चेतावनी: 100% जुर्माना लगेगा
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पाई गई इन सभी विसंगतियों को ऑनलाइन दर्ज करने के लिए टैक्स वसूली एजेंसी M/S SPS को निर्देशित कर दिया गया है। निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी संपत्तियों के क्षेत्रफल, उपयोग (व्यावसायिक/आवासीय) और रेन वाटर हार्वेस्टिंग आदि का पुनर्मूल्यांकन स्वयं कर लें।
>अधिकारी का संदेश:झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 (संशोधित 2013) के तहत, गलत जानकारी देने पर 100 प्रतिशत शास्ति (Penalty) के साथ कर की वसूली की जाएगी।>





