अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर साहिबगंज में योगमय झारखंड अभियान के तहत जिला स्तरीय योग प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षकों को योग गतिविधियों, योग क्लब गठन, योग प्रोटोकॉल अभ्यास और राष्ट्रीय योग ओलम्पियाड से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए। विद्यालयों में नियमित योगाभ्यास, ध्यान क्रिया और प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विशेष जोर दिया गया ताकि विद्यार्थियों में स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूकता बढ़े।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार द्वारा संचालित “योगमय झारखंड 2026-27” अभियान के तहत शुक्रवार को साहिबगंज के ओपन ऑडिटोरियम साइंस सेंटर में जिला स्तरीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण विभाग के पत्रांक-2321, दिनांक 9 जून 2026 के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में +2 आरके हाई स्कूल बोरियो के शारीरिक शिक्षा शिक्षक बमबम कुमार तथा केजीबीवी राजमहल की शिक्षिका जेरही मार्गरेट हेम्ब्रम प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे। दोनों प्रशिक्षकों ने योग के विभिन्न आयामों, स्वास्थ्य लाभों तथा विद्यालय स्तर पर योग गतिविधियों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि प्रखंड स्तरीय योग प्रशिक्षण 13 जून 2026 तथा संकुल स्तरीय प्रशिक्षण 15 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि विभागीय आदेश के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय योग ओलम्पियाड के अंतर्गत इस वर्ष “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय निर्धारित किया गया है। इसके तहत विद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कविता लेखन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रत्येक प्रखंड से चयनित सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को जिला कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार 16 जून से 20 जून तक प्रतिदिन सुबह 7:15 बजे से 8:15 बजे तक विद्यालयों में योग प्रोटोकॉल अभ्यास कराया जाएगा। इसके अलावा 17 जून को प्रत्येक विद्यालय में योग क्लब का गठन अनिवार्य रूप से किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों के बीच योग संस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके।





