भागलपुर: अकबरनगर नगर पंचायत की अध्यक्ष किरण देवी ने वार्ड संख्या-7 स्थित श्रीरामपुर शिव मंदिर चौक के समीप लगे 63 KVA विद्युत ट्रांसफार्मर को बदलकर 100 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने शाहकुंड के कनीय अभियंता को पत्र लिखकर जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा गया है कि वार्ड संख्या-7 में स्थापित 63 KVA ट्रांसफार्मर अत्यधिक लोड के कारण बार-बार खराब हो जाता है। वर्तमान में भी ट्रांसफार्मर पूरी तरह खराब पड़ा है, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को अंधेरे और बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। ट्रांसफार्मर चालू रहने पर भी क्षेत्र में लो वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी रहती है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को काफी परेशानी होती है।
नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने अपने पत्र में कहा है कि क्षेत्र में बढ़ती आबादी और बिजली की मांग को देखते हुए 63 KVA ट्रांसफार्मर अब पर्याप्त नहीं है। इसकी जगह 100 KVA क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने से बिजली आपूर्ति सुचारु होगी और लो वोल्टेज व बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस मांग के समर्थन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के हस्ताक्षर भी पत्र के साथ संलग्न किए गए हैं।

