
कटिहार। जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि कटिहार में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर विश्वास नहीं करने और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ नहीं लगाने की अपील की है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले की 54 गैस एजेंसियों के पास शुक्रवार को 12,752 घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध थे। इनमें कटिहार अनुमंडल की 31 एजेंसियां, बारसोई अनुमंडल की 18 एजेंसियां और मनिहारी अनुमंडल की 5 एजेंसियां शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं की जरूरत के अनुसार पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद है।
प्रशासन के अनुसार 25 जून को 6,003 घरेलू गैस बुकिंग के मुकाबले 6,754 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि 26 जून को 6,848 घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति होने की संभावना जताई गई है। इससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने बताया कि गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक गठित छापामार दल द्वारा 925 स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है और 6 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। वहीं, जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय है और अब तक प्राप्त 1,218 शिकायतों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है।

