
हिरणपुर: जिला परिवहन कार्यालय की ओर से वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के प्रति जागरूक करने और लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सोमवार से हिरणपुर अंचल में दो दिवसीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) शिविर की शुरुआत की गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने बताया कि शिविर के पहले दिन कुल 55 आवेदन प्राप्त हुए और सभी आवेदनों का उसी दिन शत-प्रतिशत निष्पादन करते हुए 55 आवेदकों को लर्नर लाइसेंस जारी किया गया। अनुज्ञप्ति वितरण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडू, अंचल अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग की सलाह दी गई। साथ ही हिट एंड रन मुआवजा योजना, रहवीर योजना, नकदरहित उपचार सुविधा तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
जिला परिवहन कार्यालय ने जिले के पात्र नागरिकों से प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों का लाभ उठाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की।

