भागलपुर। नगर पंचायत अकबरनगर के वार्ड संख्या-11 स्थित कन्या मध्य विद्यालय के नए भवन निर्माण में हो रही देरी से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सरकार ने करीब छह महीने पहले भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कर दी थी, जबकि निर्माण एजेंसी ने लगभग तीन महीने पहले पुराने भवन को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके बावजूद अब तक नए भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे बच्चों को खुले स्थानों और अस्थायी व्यवस्था में पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर एक माह पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अंजीत कुमार ने सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर निर्माण कार्य में हो रही देरी का कारण पूछा था। जवाब में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) एवं समग्र शिक्षा, भागलपुर ने बताया था कि संबंधित एजेंसी को दो दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हुआ।
निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर अंजीत कुमार ने दोबारा सहयोग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर जवाब मांगा। इस बार भी विभाग की ओर से एक-दो दिनों में निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। अंजीत कुमार ने विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार केवल आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन वास्तविकता में कोई प्रगति नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि विभाग की उदासीनता का खामियाजा विद्यालय के मासूम छात्रों को भुगतना पड़ रहा है, जिनकी पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है।

