कटिहार: बिहार-बंगाल सीमा पर स्थित कटिहार जिले के प्राणपुर प्रखंड अंतर्गत रोशना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब से भरी एक कार जब्त की है। इस मामले में दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर महानंदा चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान के दौरान की।
रोशना थाना अध्यक्ष मासूम कुमारी ने बताया कि नियमित वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से करीब 297.750 मिलीलीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया और कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डगरुआ थाना क्षेत्र के महतौर गांव निवासी कुंदन कुमार और केनगर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी विपिन कुमार के रूप में हुई है। दोनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि महानंदा चेक पोस्ट पर नियमित रूप से वाहनों की सघन जांच की जाती है। जांच के दौरान शराब, नशीले पदार्थ या अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि रोशना थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पुलिस गश्ती और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




