गोड्डा समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, जेएसएलपीएस और डीएमएफटी के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, स्वास्थ्य योजनाओं और आम लोगों को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने आयुष्मान भारत समेत अन्य योजनाओं की नियमित निगरानी करने और पात्र लाभुकों तक समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था, मध्याह्न भोजन, आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। उन्होंने विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
समाज कल्याण और ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया गया। कृषि विभाग की योजनाओं के माध्यम से किसानों को आवश्यक सामग्री, तकनीकी सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। वहीं जेएसएलपीएस की समीक्षा में महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और ग्रामीण परिवारों को स्थायी आजीविका से जोड़ने की दिशा में तेजी लाने को कहा गया।
डीएमएफटी के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और उपयोगिता की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्धारित मानकों और समय-सीमा के अनुरूप कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा। बैठक में डीडीसी विस्पुते श्री कांत यशवंत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी फैजान सरवर, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत कुमार लायक, जिला खनन पदाधिकारी सन्नी कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।





