गोड्डा। जिले में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और चोरी के मामलों का त्वरित खुलासा करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में देवडाड़ थाना क्षेत्र में हुई वाहन बैट्री चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों बैट्री भी बरामद कर ली गई हैं।
जानकारी के अनुसार, 16-17 अगस्त 2026 की रात देवडाड़ थाना क्षेत्र के बाराबांझी गांव निवासी समीर अंसारी के घर के सामने खड़े हाईवा वाहन से अज्ञात चोरों ने दो बैट्री चोरी कर ली थी। मामले को लेकर देवडाड़ थाना कांड संख्या 32/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 अगस्त 2026 को आरोपियों की निशानदेही पर बारा-रामगढ़ रोड के किनारे जंगल में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई चोरी की दोनों बैट्री बरामद कर लीं। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि गोड्डा पुलिस चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की बरामदगी को प्राथमिकता दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद अंसारी (20), पिता दिल मोहम्मद अंसारी और मनोज राय (20), पिता स्वर्गीय बुद्धेश्वर, दोनों निवासी बाराबांझी, थाना देवडाड़, जिला गोड्डा के रूप में हुई है। छापामारी दल में देवडाड़ थाना प्रभारी अमित मार्की, पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार और सहायक अवर निरीक्षक रामानन्द सरस समेत पुलिसकर्मी शामिल थे।



