भागलपुर: दुर्गा पूजा को लेकर भागलपुर नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा महासमिति एवं शांति समिति के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा महासमिति, शांति समिति के पदाधिकारियों के साथ नगर निगम के विभिन्न विभागों के प्रभारी और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पूजा के दौरान शहर में सफाई, सड़क, पानी, रोशनी और विसर्जन व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष अभय घोष सोनू ने कहा कि शहर में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सद्भाव और श्रद्धापूर्वक संपन्न हो, इसके लिए नगर निगम को समय रहते जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करनी चाहिए। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, सफाई, पानी के लीकेज को ठीक करने, पेड़ों की टहनियों की छंटाई, अतिक्रमण हटाने तथा विसर्जन घाट और विसर्जन मार्ग की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी। उन्होंने कृत्रिम विसर्जन तालाब को प्रतिमाओं के विसर्जन के अनुरूप तैयार करने की बात कही। साथ ही विसर्जन शोभायात्रा के दिन स्टेशन चौक से काली विसर्जन घाट तक पूर्व वर्षों की तरह व्यवस्था सुचारू रखने की मांग की।
कार्यकारी अध्यक्ष कन्हैयालाल ने नगर निगम द्वारा लगाए गए सोलर लाइट की जांच कर उन्हें चालू कराने और पूजा स्थलों, विसर्जन मार्ग तथा पहुंच मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की। महासमिति के संरक्षक कमल जायसवाल ने नगर आयुक्त के साथ समिति और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पूजा समितियों की समस्याओं का समय पर समाधान करने पर चर्चा की। महासमिति के महामंत्री जय नंदन आचार्य ने बताया कि इस वर्ष 11 तारीख को प्रथम पूजा एवं कलश स्थापना और 21 तारीख को विजयादशमी है, जबकि 22 तारीख को विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।
बैठक में संरक्षक तापस घोष ने बंगाली परंपरा के अनुसार होने वाले पूजा और विसर्जन की तिथियों को लेकर चर्चा की। महासमिति के उपाध्यक्ष राकेश रंजन केसरी ने मीरजानहाट दुर्गा स्थान से मोदीनगर दुर्गा स्थान के बीच बुडको द्वारा की गई खुदाई को ठीक कराने और गंगटा पोखर विसर्जन मार्ग की मरम्मत कराने की मांग रखी। महासमिति की ओर से भागलपुर की विभिन्न पूजा समितियों और शहर के क्षेत्रों का भ्रमण कर पूजा के दौरान आने वाली समस्याओं का संकलन किया गया और उसकी सूची नगर आयुक्त को सौंपी गई।
महासमिति के अध्यक्ष ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम के विभिन्न विभागों के प्रभारियों को निर्देशित किया जाएगा। निर्देश की प्रति महासमिति को भी उपलब्ध कराने की बात कही गई, ताकि समिति संबंधित विभागों के प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कार्य करा सके। बैठक में महासमिति के उपाध्यक्ष शंभू नाथ भगत, इंजीनियर रवि, अंकेक्षक पवन शाह, कोषाध्यक्ष तरुण घोष, चिकित्सा पदाधिकारी अशोक सरकार, सचिव पिंकी बागोरिया, मीडिया प्रभारी विशाल कुमार और कार्यालय मंत्री शशांक जायसवाल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





