भागलपुर। मां आनंदी संस्था की संस्थापिका प्रिया सोनी इन दिनों सामाजिक कार्यों के साथ महिलाओं को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाने की पहल को लेकर सक्रिय हैं। वह लगातार सुबह के समय दर्जनों महिलाओं को योगाभ्यास कराती हैं। प्रिया सोनी का कहना है कि योग करने से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक रूप से भी बेहतर महसूस करता है और जीवन में अनुशासन आता है।
प्रिया सोनी के अनुसार, वह अब तक सैकड़ों महिलाओं को योग के माध्यम से स्वस्थ रहने के लिए जागरूक कर चुकी हैं। मौसम चाहे ठंड का हो या बारिश का, वह नियमित रूप से योग स्थल पर पहुंचकर महिलाओं को योगाभ्यास करवाती हैं। मां आनंदी संस्था के बैनर तले योग के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी काम किया जा रहा है। संस्था के माध्यम से कई महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें स्वावलंबी बनाने में मदद की गई है।
प्रिया सोनी सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहती हैं। गरीब बच्चियों की शादी से लेकर जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद के लिए वह आगे आती हैं। पर्व-त्योहार के अवसर पर भी गरीब परिवारों की सहायता करने का प्रयास करती हैं। उनका कहना है कि ईश्वर ने उन्हें सेवा करने के उद्देश्य से यहां भेजा है और वह अपनी क्षमता के अनुसार लगातार जरूरतमंद लोगों की सेवा करती रहेंगी।
उन्होंने कहा कि खासकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का उन्होंने संकल्प लिया है, जिसमें संस्था के सभी सदस्यों का लगातार सहयोग मिल रहा है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जागरूकता पहुंचाना उनका उद्देश्य है। इसी दिशा में वह योग, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही हैं।





