कुरसेला (कटिहार)। कुरसेला थाना क्षेत्र के बल्थी महेशपुर चौक के समीप रविवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 340.86 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया। हालांकि पुलिस को चकमा देकर तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, कुरसेला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डुम्मर की ओर से एक लग्जरी कार में भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर तस्कर कुरसेला की ओर जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने कटरिया पुलिस पिकेट और एसएच-77 सड़क पर नवाबगंज चौक के समीप वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध लग्जरी कार को देखा और उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही कार चालक तेज गति से वाहन लेकर भागने लगा। भागने के दौरान कार ने एक टोटो में टक्कर मार दी। इसके बाद पुलिस ने वाहन का पीछा किया। तस्कर बल्थी महेशपुर चौक के समीप कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर थाना लाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 340.86 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं जब्त कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर तस्कर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





