भागलपुर (केलांचल टाइम्स): नीट (NEET) छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले में न्याय की मांग और सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को भागलपुर में जमकर बवाल हुआ। सांसद पप्पू यादव के दर्जनों समर्थकों ने समाहरणालय मुख्यालय के सामने जोरदार नारेबाजी की और बिहार सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
“आवाज उठाने की सजा भुगत रहे हैं पप्पू यादव”
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समर्थकों ने आरोप लगाया कि सांसद पप्पू यादव को राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है। बजरंग कुमार भगत और जयप्रकाश यादव ने कहा कि नीट छात्रा के मामले को सड़क से सदन तक मुखरता से उठाने के कारण ही सांसद को 32 साल पुराने एक मामले में अन्यायपूर्ण तरीके से गिरफ्तार किया गया है।
समर्थकों का दावा है कि इस घटना में कई बड़े सफेदपोश और माफिया शामिल हैं, जिन्हें बचाने के लिए पुलिस बदले की भावना से काम कर रही है।
गंभीर आरोपों के बीच नीतीश सरकार की चुप्पी पर सवाल
प्रदर्शनकारियों ने पूर्व आईपीएस अमिताभ दास के बयानों का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया।
अधिवक्ता रवि प्रकाश और प्रियांशु यादव ने कहा कि जब बड़े-बड़े खुलासे हो रहे हैं, तब भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
समर्थकों ने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित छात्रा के परिजनों को न्याय नहीं मिल जाता और उनके नेता पप्पू यादव की रिहाई नहीं होती, तब तक यह आंदोलन क्रमबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
सड़क पर उतरे युवा और समर्थक
पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने कहा कि पप्पू यादव ही एकमात्र ऐसे नेता हैं जो जाति-धर्म से ऊपर उठकर हर पीड़ित के साथ खड़े होते हैं। इस मौके पर मुख्य रूप से:
जयप्रकाश यादव, बजरंग कुमार भगत, प्रियांशु यादव, ओम प्रकाश यादव, गौरव चौबे, रवि प्रकाश, अभिषेक कुमार, सौरभ संगम, रूद्र देव, अभिनव यादव, सोनू कुमार सहित दर्जनों अन्य समर्थक मौजूद थे।
मुख्य मांगें:
- नीट छात्रा के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
- सांसद पप्पू यादव को अविलंब रिहा किया जाए।
- मामले की निष्पक्ष जांच कर बड़े चेहरों का बेनकाब किया जाए।





