नई दिल्ली : भारत को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश (CJI) मिलने जा रहा है। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई के नाम की सिफारिश की है। अब इस सिफारिश को केंद्रीय कानून मंत्रालय के पास भेजा गया है, जहां से औपचारिक मंजूरी मिलने की प्रक्रिया बाकी है।
इस सिफारिश के साथ ही यह लगभग तय हो गया है कि न्यायमूर्ति गवई भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। वे 14 मई को पद की शपथ लेंगे, जब वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना अपने पद से सेवानिवृत्त होंगे।
न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीशों में शामिल हैं।
अगर न्यायमूर्ति गवई शपथ लेते हैं, तो वे दलित समुदाय से दूसरे मुख्य न्यायाधीश होंगे। इससे पहले न्यायमूर्ति के.जी. बालकृष्णन इस पद को सुशोभित कर चुके हैं।
