बरहेट। रविवार की सुबह बरहेट-बरहरवा मुख्य पथ स्तिथ ढोबडीहा गांव के पास एक प्याज लदा हुआ 608 वाहन(डब्लू बी 65 सी 8798) हादसे का शिकार हो गया। उक्त वाहन बरहरवा से बरहेट की तरफ आ रही थी।इसी क्रम में ढोबडीहा गांव के पास संतुलन खोने से वाहन रोड किनारे एक पेड़ से जा टकराया।
घटना में ड्राइवर तो बाल बाल बच गया। वहीं प्याज व्यापारी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का जहांगीर आलम (50) गाड़ी के केबिन में अंदर फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही बरहेट थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण व पुलिस ने केबिन से फंसे व्यापारी को निकाला। घटना में उक्त व्यापारी का दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार व्यापारी जहांगीर आलम बरहेट अपना बकाया राशि लेने आ रहा था। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट लाया गया। जहां डॉक्टर जियाउर रहमान ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इधर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
