प्रवीण कुमार, कटिहार। कटिहार नगर निगम क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से डीसीआर भवन, कटिहार परिसर में उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की ओर से सोलर मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, जनप्रतिनिधियों और जिला पदाधिकारी द्वारा किया गया।
मेले में उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के उपयोग, इसके लाभ और रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सौर ऊर्जा का उपयोग कर अपने बिजली बिल को काफी कम अथवा शून्य करने वाले उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
एक करोड़ घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 29 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की गई थी। योजना का उद्देश्य देश में सोलर रूफटॉप की हिस्सेदारी बढ़ाना और घरेलू उपभोक्ताओं को अपनी बिजली स्वयं उत्पादित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत एक करोड़ घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मेले में बताया गया कि घरेलू उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वेंडर का चयन करने के बाद पीएम जनसमर्थ पोर्टल के माध्यम से सोलर प्लांट लगाने के लिए ऋण हेतु आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
सोलर प्लांट की स्थापना पर केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान के तहत एक किलोवाट क्षमता के लिए 30 हजार रुपये, दो किलोवाट के लिए 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट क्षमता के लिए अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है।
बिहार सरकार देगी अतिरिक्त सब्सिडी
12 अगस्त 2026 को बिहार सरकार की कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, केंद्र सरकार की सहायता के अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा भी 10 हजार रुपये प्रति किलोवाट की अतिरिक्त सब्सिडी देने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी अधिकतम 20 हजार रुपये तक होगी।
मेले में उपभोक्ताओं को बताया गया कि औसत मासिक बिजली खपत के अनुसार सोलर प्लांट की क्षमता का चयन किया जा सकता है। 0 से 150 यूनिट तक की खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए 1 से 2 किलोवाट, 150 से 300 यूनिट तक की खपत के लिए 2 से 3 किलोवाट तथा 300 यूनिट से अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए 3 किलोवाट से अधिक क्षमता के सोलर प्लांट लगाए जा सकते हैं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बैंकों से लगभग 5.75 प्रतिशत से 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि रूफटॉप सोलर से उपभोक्ताओं को बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। सोलर मेले में आम उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन करने की अपील की गई।





