गोड्डा। खरीफ 2026-27 में किसानों को बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने और योजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को रवाना किया गया। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर किसानों को फसल बीमा योजना की जानकारी देगा।
जागरूकता अभियान के दौरान किसानों को बताया जाएगा कि मात्र एक रुपये में फसल बीमा कराकर वे प्राकृतिक आपदाओं और अधिसूचित जोखिमों से होने वाली फसल क्षति के विरुद्ध आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं। किसानों को योजना की पात्रता, नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और फसल क्षति की स्थिति में दावा प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि कृषि काफी हद तक प्राकृतिक परिस्थितियों पर निर्भर है। अतिवृष्टि, सूखा, बाढ़, आंधी-तूफान, ओलावृष्टि समेत अन्य प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को फसल नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे समय में फसल बीमा किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
उन्होंने किसानों से अपील की कि स्थानीय आपदा के कारण बीमित फसल को नुकसान होने की स्थिति में 72 घंटे के भीतर निर्धारित माध्यम से इसकी सूचना दें, ताकि नियमानुसार दावा प्रक्रिया का लाभ मिल सके।
किसानों को योजना से संबंधित जानकारी के लिए कृषि रक्षक पोर्टल की हेल्पलाइन 14447, पीएम फसल बीमा योजना के आधिकारिक पोर्टल, क्रॉप इंश्योरेंस मोबाइल ऐप, नजदीकी कृषि कार्यालय, बैंक शाखा, प्रज्ञा केंद्र या संबंधित बीमा कंपनी से संपर्क करने की जानकारी भी दी जा रही है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने और विशेष रूप से छोटे एवं सीमांत किसानों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल योजना की जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नामांकन से लेकर फसल क्षति की सूचना और दावा प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया सरल भाषा में समझाना जरूरी है।
इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी अभिजीत शर्मा, जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय कुमार नाग, सहायक निबंधक सहयोग समितियां उपेन्द्र कुमार यादव सहित कृषि विभाग के कर्मी उपस्थित थे।





