प्रवीण कुमार, कटिहार: स्वास्थ्य को सबसे बड़ा धन मानते हुए जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से स्व. डॉ. राजीव कुमार मिश्रा की जयंती के अवसर पर 20 अगस्त को मेडीकाना मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में नि:शुल्क ओपीडी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। समाचार प्रेषण तक शिविर में 500 से अधिक लोगों ने पंजीयन कराया था।
मेडीकाना मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल की प्रबंध निदेशक और स्त्री रोग एवं बांझपन रोग विशेषज्ञ डॉ. कनुप्रिया मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। मरीजों की रक्तचाप, मधुमेह, कैल्शियम, फेफड़े सहित आधे दर्जन से अधिक स्वास्थ्य संबंधी जांच नि:शुल्क की गई। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन
शिविर का उद्घाटन मेडीकाना प्रमुख डॉ. कनुप्रिया मिश्रा, मुख्य अतिथि पटना से पहुंचे कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आरके सिंह और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्व. डॉ. राजीव कुमार मिश्रा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद डॉ. कनुप्रिया मिश्रा ने मुख्य अतिथि डॉ. आरके सिंह का मैथिल परंपरा के अनुसार पाग और शॉल से स्वागत किया। मुख्य अतिथि डॉ. सिंह ने डॉ. सुशांत कुमार, डॉ. विभाष रंजन, डॉ. पुरुषोत्तम, डॉ. श्रेयसी, डॉ. गौरव कुमार, डॉ. शुभम कुमार, डॉ. अमलेंदु पांडेय और उद्योगपति प्रियंवद कुमार को पाग और शॉल देकर सम्मानित किया।
कई विभागों के विशेषज्ञों ने दी सेवा
अपने स्वागत संबोधन में डॉ. कनुप्रिया मिश्रा ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से उच्चस्तरीय चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना शिविर का मुख्य उद्देश्य है।
शिविर में फिजियोथेरेपी, न्यूरोलॉजी, गायनेकोलॉजी, जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। आवश्यकतानुसार मरीजों को दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
गरीब मरीज की मुस्कान ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि : डॉ. आरके सिंह
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. आरके सिंह ने कहा कि चिकित्सा सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि दर्द से परेशान गरीब मरीज अस्पताल से स्वस्थ होकर मुस्कुराते हुए घर लौटे, यही स्व. डॉ. राजीव कुमार मिश्रा के लिए सबसे अच्छी और सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि इससे मेडीकाना की स्थापना के पीछे डॉ. राजीव कुमार मिश्रा की कल्पना को वास्तविक रूप मिलेगा और उनका सपना भी साकार होगा। इस दौरान वक्ताओं ने डॉ. आरके सिंह से समस्तीपुर के लोगों के लिए समय निकालने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन तरुण कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रंजन कुमार शर्मा ने किया। मौके पर कटिहार से पहुंचे पत्रकार एवं शिक्षाविद् डॉ. कुमार गंगानंद सिंह, विमल केडिया, अरुण कुमार, रविता तिवारी, विजय कुमार, गौरी शंकर झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





