पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में साइबर अपराधियों ने उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर लोगों से रुपये और उपहार मांगने की कोशिश की है। फर्जी नंबर (+66 616482051) के माध्यम से जिले के अधिकारियों और अन्य लोगों से संपर्क कर ठगी का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों को सतर्क रहने की अपील की है।
उपायुक्त कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि उक्त व्हाट्सएप नंबर का जिला प्रशासन या उपायुक्त से कोई संबंध नहीं है। प्रशासन ने इसे पूरी तरह साइबर ठगी का प्रयास बताया है। मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ को दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके नाम से किसी संदिग्ध नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट से कोई संदेश, कॉल या धनराशि अथवा उपहार की मांग की जाती है, तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी है। जिला प्रशासन ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर पुलिस को देने तथा किसी भी संदेश की सत्यता की पुष्टि करने के बाद ही उस पर भरोसा करने की अपील की है।



