पाकुड़: नगर परिषद, पाकुड़ के वार्ड संख्या-11 की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर वार्ड पार्षद निभा देवी ने कार्यपालक पदाधिकारी को विस्तृत आवेदन सौंपा है। आवेदन में स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, जलनिकासी और आगामी मनसा पूजा को देखते हुए विशेष साफ-सफाई समेत कई बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की गई है। पार्षद ने कहा कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से वार्डवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
निभा देवी ने बताया कि रेलवे गुमटी के पूर्वी हिस्से के करीब 10 वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव के लिए केवल एक बिजली मिस्त्री कार्यरत है, जिससे खराब लाइटों की समय पर मरम्मत नहीं हो पाती। उन्होंने क्षेत्र में अतिरिक्त बिजली मिस्त्री की प्रतिनियुक्ति की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कचरे का नियमित उठाव नहीं होने से लोगों को गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सफाई व्यवस्था को पहले की तरह सुचारु बनाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने का आग्रह किया है।
वार्ड पार्षद ने आवेदन में 17 अगस्त को आयोजित होने वाली मनसा पूजा और उससे पहले सात दिनों तक चलने वाले विषहरी गान कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मनसा मंदिर परिसर, तालाब क्षेत्र और विष्णुकुंड के आसपास विशेष साफ-सफाई कराने की मांग की है। साथ ही रेलवे कॉलोनी में कीचड़ वाले हिस्सों पर डस्ट डालने की भी मांग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। पार्षद ने उम्मीद जताई कि नगर परिषद जनहित को प्राथमिकता देते हुए सभी समस्याओं का जल्द समाधान करेगी।




