कटिहार: पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने माल ढुलाई के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अगस्त 2026 में कुल 0.957 मिलियन टन माल की लोडिंग की है। यह अगस्त 2025 में हुई 0.916 मिलियन टन की लोडिंग की तुलना में 4.5 प्रतिशत अधिक है। रेलवे के अनुसार, माल ढुलाई में यह वृद्धि विभिन्न प्रमुख वस्तुओं की लोडिंग और परिवहन में बढ़ोतरी के कारण दर्ज की गई है।
अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान पूर्वोत्तर सीमा रेलवे की कुल माल लोडिंग 5.09 मिलियन टन तक पहुंच गई। पिछले वर्ष इसी अवधि में कुल 4.78 मिलियन टन माल की लोडिंग हुई थी। इस तरह चालू वित्त वर्ष की अप्रैल से अगस्त अवधि में माल लोडिंग में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अगस्त महीने में सीमेंट की लोडिंग में विशेष बढ़ोतरी देखने को मिली। इस दौरान करीब 0.13 मिलियन टन सीमेंट लोड किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 106.6 प्रतिशत अधिक है।
इसके अलावा फल, सब्जियों और लकड़ी जैसी सामग्रियों की लोडिंग में 92.3 प्रतिशत, कोयले में 54.5 प्रतिशत, डोलोमाइट में 46.4 प्रतिशत, अनाज में 39.6 प्रतिशत, कंटेनर परिवहन में 6.3 प्रतिशत और उर्वरक की लोडिंग में 3.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मालीगांव, गुवाहाटी स्थित मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा की ओर से जारी जानकारी में माल ढुलाई के क्षेत्र में दर्ज इस वृद्धि की जानकारी दी गई है।





