पोड़ैयाहाट। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को भाजपा की पोड़ैयाहाट प्रखंड इकाई की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह ने किया।
तिरंगा यात्रा प्रखंड कार्यालय से शुरू होकर मुख्य चौक, बाजार और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मुख्य चौक पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। इस दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति के गीत गूंजते रहे।
मुख्य चौक पर पहुंचने के बाद सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर देवेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को गर्व के साथ अपने घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के 79वें वर्ष में सभी को देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
तिरंगा यात्रा में जिला मीडिया प्रभारी विमंत साह, डब्लू भगत, संतोष भगत, जनार्दन सिंह, संजीव पंडित, विकास मोदी, अशोक दे, आशीष यादव, कृष्ण कन्हैया, सुभाष यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।





