भागलपुर: बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU), सबौर का 17वां स्थापना दिवस गुरुवार को उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। विश्वविद्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित समारोह में बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। वहीं ग्रामीण विकास एवं सूचना-जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल और कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ हुई।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्थान कृषि शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में देश में विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने हाल ही में मिली NAAC ‘A’ ग्रेड मान्यता और जलवायु-अनुकूल फसल किस्मों के विकास को विश्वविद्यालय की बड़ी उपलब्धि बताया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ब्लू टी, कटहल के बीज से बना आटा, हनी स्पून तथा AI आधारित चैटबॉट ‘एग्री-ग्रंथ’ का विमोचन भी किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि किसानों, विद्यार्थियों और कृषि के भविष्य के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी कृषि विश्वविद्यालय की सफलता का वास्तविक पैमाना किसानों की बढ़ती आय, वैज्ञानिक नवाचारों का खेतों तक पहुंचना और युवाओं के बेहतर भविष्य का निर्माण है। समारोह के दौरान युवा शोधार्थियों, उत्कृष्ट शोध प्रकाशन करने वाले प्राध्यापकों, श्रेष्ठ किसानों और स्टार्टअप्स को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन उमा भारती और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. चंदा कुशवाहा ने किया।




