महागामा। प्रखंड थाना क्षेत्र के गोड़िया गांव में प्रेम प्रसंग के चलते 17 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार की सुबह रघुनाथकित्ता पुल के समीप युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पथरगामा थाना क्षेत्र के तरडीहा गांव निवासी स्वर्गीय राधे राय के पुत्र सूरज राय के रूप में हुई है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग को हत्या की वजह बताते हुए मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि सोमवार अहले सुबह ग्रामीणों ने पुल के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही महागामा पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का जायजा लेने के बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव पर चोट के निशान मिले हैं। गले पर दाग के अलावा नाक से खून निकलने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, सूरज टोटो चलाकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। मृतक की मां किरण देवी ने बताया कि सूरज अपने एक दोस्त के ससुराल गोड़िया गांव गया था। इसी दौरान गांव की एक शादीशुदा महिला के साथ उसके प्रेम संबंध होने की बात सामने आई थी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी प्रेम प्रसंग को लेकर सूरज की हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को गांव से करीब 500 मीटर दूर पुल के पास फेंक दिया गया।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की और घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई। हालांकि हत्या के वास्तविक कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
महागामा पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो ने बताया कि एक युवक का शव बरामद किया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही है।





