मेहरमा। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी गुरुवार शाम मेहरमा पहुंचे। शुक्रवार को गोड्डा में आयोजित भाजपा के धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल होने से पहले वे भाजपा मेहरमा मंडल अध्यक्ष उमेश पासवान के आवास पहुंचे। यहां पूर्व जिलाध्यक्ष सह प्रदेश परिषद सदस्य संजीव मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर छात्रों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा छात्रों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठा रही है। इसी क्रम में राज्य के सभी मुख्यालयों में 8 से 12 सितंबर तक भाजपा की ओर से धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC, JSSC समेत राज्य सरकार की विभिन्न नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है और भाजपा उनके संघर्ष में मजबूती से खड़ी है।
खनिज संशोधन विधेयक को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे केंद्र सरकार का ऐतिहासिक फैसला बताया। उन्होंने कहा कि इससे खनिज संसाधनों से मिलने वाले राजस्व का लाभ देश और राज्यों के विकास में मिलेगा। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार पर खान-खनिज से जुड़े मामलों में नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। एसआईआर को लेकर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से पूरी तत्परता के साथ काम करने की अपील की और कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। मौके पर फणीलाल कुशवाहा, शैलेंद्र सुमन, राजेश झा, राजेश सिंह, हरिकिशोर मिश्र, संजय साह, निलेश कुमार, राजेश लाल, गणेश कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




