प्रवीण कुमार, कटिहार। सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं का अर्धवार्षिक मूल्यांकन सह अर्धवार्षिक परीक्षा 2026 का आयोजन 15 सितंबर से शुरू होकर 20 सितंबर तक किया जाएगा। उक्त जानकारी राम दयाल उत्क्रमित मध्य विद्यालय परभैली के प्रधानाध्यापक राम नारायण यादव ने दी।
प्रधानाध्यापक राम नारायण यादव ने बताया कि 15 सितंबर को प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए हिन्दी, उर्दू और बांग्ला की परीक्षा होगी। वहीं दूसरी पाली में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 16 सितंबर को प्रथम पाली में कक्षा 1 से 8 तक के लिए अंग्रेजी और दूसरी पाली में कक्षा 3 से 8 तक के लिए पर्यावरण अध्ययन/सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी।
17 सितंबर को प्रथम पाली में कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए गणित और दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए संस्कृत की परीक्षा होगी। 18 सितंबर को शैक्षणिक गतिविधियों के समीकरण एवं ग्रेडिंग का कार्य किया जाएगा। 19 सितंबर को प्रथम पाली में कक्षा 3 से 8 तक के लिए हिन्दी तथा दूसरी भाषा और अहिन्दी भाषियों के लिए संबंधित मूल्यांकन कार्य होगा। वहीं 20 सितंबर को शैक्षणिक गतिविधियों के समीकरण एवं ग्रेडिंग का निर्धारण कार्य किया जाएगा।
राम दयाल उत्क्रमित मध्य विद्यालय परभैली परिसर स्थित संकुल संसाधन केंद्र में संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों के शिक्षकों के बीच अर्धवार्षिक मूल्यांकन सह परीक्षा 2026 की कॉपियों का वितरण किया गया। प्रधानाध्यापक राम नारायण यादव ने बताया कि संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों को अर्धवार्षिक मूल्यांकन 2026 की कॉपियां उपलब्ध करा दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, पटना की ओर से जारी अर्धवार्षिक मूल्यांकन कार्य 2026 की अधिसूचना का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।




