पाकुड़िया : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के पाकुड़िया नगर मंत्री रॉकी कुमार एवं सह मंत्री ने सोमवार को प्रखंड के सिदपूर स्थित गरम जल कुण्ड का दौरा किया।
दौरे के दौरान नगर मंत्री रॉकी कुमार ने कहा कि यह स्थल केवल पर्यटन स्थल ही नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल भी है, जहाँ आदिवासी समाज की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने कुंड स्थल के आकर्षक सौंदर्यीकरण को देखकर मंत्रमुग्ध होकर जिले के उपायुक्त मनीष कुमार एवं बीडीओ सोमनाथ बनर्जी को साधुवाद दिया।
नगर मंत्री ने कुंड के पुजारी से मुलाकात कर स्थानीय धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। पुजारी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर यहाँ 14 और 15 जनवरी को पारंपरिक मेले का आयोजन होता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु और पर्यटक भाग लेते हैं।
नगर मंत्री ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का संरक्षण और प्रचार-प्रसार आवश्यक है, ताकि स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिले और पर्यटन के माध्यम से क्षेत्र का समग्र विकास हो सके। उन्होंने इस स्थल के बेहतरीन विकास के लिए उपायुक्त मनीष कुमार एवं बीडीओ सोमनाथ बनर्जी को कोटि-कोटि धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।





