
हिरणपुर: जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया, महत्व और नागरिक सहभागिता के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय, घाघरजानी में आयोजित संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों और विद्यार्थियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को अद्यतन रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बेहद आवश्यक है।
जागरूकता अभियान के तहत विद्यालय में भाषण, निबंध लेखन और चित्रांकन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर लोकतंत्र और मतदान के महत्व को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की गई। साथ ही विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की गई। विभागीय निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो भी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए।

