महेशपुर। थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात देवपुर गांव के समीप बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। जब्त ट्रैक्टर को महेशपुर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
थाना प्रभारी रवि शर्मा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एनजीटी के प्रतिबंध के बावजूद रात के अंधेरे में अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ महेशपुर-शहरग्राम मुख्य सड़क पर देवपुर गांव के समीप पहुंचे और छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बालू लदे ट्रैक्टर संख्या जेएच 16 ए 5578 को जब्त कर लिया। पुलिस को देखते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस वाहन को थाना परिसर लेकर आई और सुरक्षित रखा।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की सूचना खनन विभाग के वरीय पदाधिकारी को दे दी गई है। विभागीय निर्देश के आधार पर आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू परिवहन में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है।




