नवगछिया: डिग्री कॉलेज के स्थानांतरण के विरोध में रंगरा में आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार से छात्रों ने तेजनारायण उच्च विद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया। छात्र कॉलेज को विनोबा भावे महाविद्यालय स्थानांतरित किए जाने का विरोध कर रहे हैं।
आंदोलन को रंगरा प्रखंड के छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और कॉलेज को रंगरा में ही संचालित करने की मांग दोहराई। छात्राओं में भी इस फैसले को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
छात्रों ने बताया कि आमरण अनशन से पहले मशाल जुलूस, पुतला दहन, आक्रोश मार्च और हस्ताक्षर अभियान जैसे कई चरणों में विरोध प्रदर्शन किया गया था। इसके बावजूद मांगें पूरी नहीं होने पर अब अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया गया है।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि भवन निर्माण और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कॉलेज का स्थानांतरण कर दिया गया, जिससे क्षेत्र के छात्रों के साथ अन्याय हुआ है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर कॉलेज स्थानांतरित किया गया है, वह बाढ़ प्रभावित इलाका है, जहां हर साल कई महीनों तक जलभराव रहता है। ऐसे में उच्च शिक्षा प्रभावित होने की आशंका है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से स्थानांतरण आदेश तत्काल वापस लेने तथा कॉलेज को रंगरा में ही संचालित करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
आमरण अनशन पर आशुतोष सिंह, अनुज चौरसिया और मृदुल शर्मा बैठे हैं। वहीं, सैकड़ों छात्र-छात्राएं, अभिभावक और ग्रामीण लगातार अनशन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दे रहे हैं।

