
कटिहार: जिला पदाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला गंगा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा नदी के संरक्षण, स्वच्छता, जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध और प्रभावी ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान बुडको (BUDCO), कटिहार को मोक्षधाम एवं रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजनाओं की प्रगति तेज करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा मनिहारी, बारसोई, कुर्सेला, बलरामपुर और अमदाबाद नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को गंगा घाटों की नियमित सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और अन्य सौंपे गए कार्यों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि गंगा नदी की स्वच्छता और संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त, डीआरडीए के निदेशक एवं जिला गंगा समिति के नोडल पदाधिकारी, जिला परियोजना पदाधिकारी, बुडको के उप परियोजना निदेशक, जिला कृषि पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

