गोड्डा: अदाणी फाउंडेशन के उत्थान कार्यक्रम के तहत 21 और 22 जुलाई 2026 को अदाणी साइट ऑफिस, गोड्डा में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (एफएलएन) पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य उत्थान कार्यक्रम से जुड़े सहायकों की शैक्षणिक क्षमता को मजबूत करना और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षण को बढ़ावा देना था।
प्रशिक्षण विशेषज्ञ रीतेश रंजन एवं मुरारी प्रसाद शर्मा ने 18 उत्थान सहायकों को गतिविधि-आधारित शिक्षण, भाषा और गणित की प्रभावी शिक्षण तकनीकों, बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को रोचक एवं सहभागी बनाने के उपाय तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप एफएलएन के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कई व्यावहारिक गतिविधियों और नवाचारी शिक्षण पद्धतियों का अभ्यास भी कराया गया।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि शुरुआती कक्षाओं के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणना करने की बुनियादी क्षमता विकसित करने के लिए गतिविधि-आधारित शिक्षण सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को ऐसे कई नवाचारों से अवगत कराया, जिन्हें विद्यालयों में आसानी से लागू किया जा सकता है।
समापन सत्र में सभी उत्थान सहायकों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और कौशल का विद्यालयों में प्रभावी उपयोग करने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। साथ ही बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में अदाणी फाउंडेशन की ओर से दोनों प्रशिक्षकों को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।




