कुरसेला (कटिहार)। कुरसेला प्रखंड में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। पिछले 24 घंटे में दोनों नदियों के जलस्तर में करीब 11 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जलस्तर बढ़ने से पत्थर टोला, खेरिया, मजदिया, तीनघरिया, कमलाकांही, बल्थी महेशपुर सहित नगर पंचायत क्षेत्र के कुरसेला बस्ती और मेहर टोला के आसपास के निचले हिस्से प्रभावित होने लगे हैं।
जलस्तर में वृद्धि के कारण त्रिमोहनी संगम तट जाने वाली सड़क पर आवागमन बाधित हो गया है। वहीं नगर पंचायत क्षेत्र के बाघमारा गांव जाने वाली ग्रामीण सड़क पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है। हालांकि सड़क पर अभी पूरी तरह पानी नहीं फैला है और आवागमन जारी है।
खेतों में जमा होने लगा पानी
नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ कई स्थानों पर खेतों में भी पानी जमा होने लगा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। निचले इलाकों में पानी पहुंचने के बाद ग्रामीण जरूरी सामान और मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए ऊंचे स्थानों की तलाश में जुट गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि गंगा और कोसी के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आने वाले दिनों में कई और गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर सकता है। स्थिति को देखते हुए कुरसेला क्षेत्र के लोग संभावित बाढ़ को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं।





