भागलपुर। एसएम कॉलेज के गृह विज्ञान विभाग में आयोजित तीन दिवसीय आर्ट एंड क्राफ्ट शिविर का समापन बुधवार को हो गया। शिविर के दौरान छात्राओं को विभिन्न प्रकार की हस्तकलाओं एवं शिल्पकलाओं का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शिविर के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में मरियम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयुषी सिंह द्वितीय और आर्या कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को वर्ली आर्ट, ट्राइबल क्वीन फ्लावर पॉट, लिपन आर्ट, स्टैम्प पेंटिंग सहित विभिन्न प्रकार की कलाओं की जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता, कलात्मक कौशल और आत्मनिर्भरता की भावना को विकसित करना था। तीन दिवसीय यह शिविर छात्राओं के लिए सीखने, सृजन करने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर साबित हुआ।
समापन समारोह में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. निशा झा, विश्वविद्यालय पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर, गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी पांडेय, सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रकाश शाह, डॉ. कुसुम, डॉ. गीता सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्राचार्या डॉ. निशा झा ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के रचनात्मक एवं सृजनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन से छात्राओं में कला-कौशल के विकास के साथ-साथ मानसिक और बौद्धिक विकास भी होता है। इस तरह की ट्रेनिंग प्राप्त कर छात्राएं अपने हुनर को निखारने के साथ आत्मनिर्भर भी बन सकती हैं।





