भागलपुर। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास की प्रदेश प्रवक्ता अंशु प्रियंका मिश्रा ने राष्ट्रीय युवा आयोग के गठन की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि देश के करोड़ों युवाओं की आवाज आज भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान हैं। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान वर्ष 2017 से लगातार राष्ट्रीय युवा आयोग के गठन की मांग उठाते आ रहे हैं, जिससे देश के युवाओं को काफी उम्मीदें हैं।
प्रदेश प्रवक्ता अंशु प्रियंका मिश्रा ने कहा कि चिराग पासवान ने सर्वप्रथम 2 अगस्त 2017 को संसद में राष्ट्रीय युवा आयोग के गठन की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा था कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। लंबे समय से राष्ट्रीय युवा आयोग के गठन की मांग की जा रही है, जो एक सशक्त नोडल प्राधिकरण के रूप में युवाओं की आवाज बने और उनके अधिकारों, अवसरों तथा आकांक्षाओं की रक्षा करे।
उन्होंने कहा कि आज के युवा केवल शिक्षा और रोजगार तक सीमित नहीं हैं। कला, अभिनय, संगीत, स्टार्टअप, नवाचार और खेल-कूद सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवा देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनकी प्रतिभा को उचित मंच, मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग मिलना समय की मांग है।
अंशु प्रियंका मिश्रा ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि राष्ट्रीय युवा आयोग का गठन देश के करोड़ों युवाओं को नई दिशा, नया विश्वास और नए अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि युवा सशक्त होंगे, तभी भारत सशक्त होगा।





