प्रवीण कुमार, कटिहार। जिले में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक माहव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ जोड़ते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना है।
अभियान का भव्य शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर किया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी सरकारी भवनों, पंचायत भवनों तथा प्रमुख ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा। इसके साथ ही एक महीने तक विभिन्न जनकल्याणकारी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा के साथ आम लोगों की समस्याओं की सीधी सुनवाई की जाएगी और मौके पर त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा। पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर जनजागरूकता के लिए विशेष यात्राएं निकाली जाएंगी। विद्यालयों और महाविद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के साथ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान युवाओं और स्थानीय नवाचारियों को अपनी प्रतिभा एवं नए विचारों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। ‘कहानी बदलाव की’ और ‘ह्यूमन रंगोली’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की प्रेरक कहानियों और रचनात्मक प्रस्तुतियों को सामने लाया जाएगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी कर्मियों का सम्मान किया जाएगा और आम नागरिकों को सामाजिक कार्यों से जोड़ने की पहल की जाएगी।
अभियान को लेकर कहा गया कि यह केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने और सेवा, सहभागिता एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का संकल्प है। अभियान के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें सामाजिक कार्यों में भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।




