बिहार में भीषण बाढ़ के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अपने तीन महीने के सांसद वेतन की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने की घोषणा की है। नितिन नवीन के मुताबिक, करीब ₹6.35 लाख की यह राशि बाढ़ राहत कार्यों के लिए दी जाएगी।
नितिन नवीन ने कहा कि संकट की इस घड़ी में बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ा रहना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की जा रही है।
बाढ़ प्रभावित परिवारों को ₹7 हजार की सहायता
नितिन नवीन ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को ₹7 हजार प्रति परिवार की वित्तीय सहायता दी जा रही है। उनके अनुसार, अब तक ₹550 करोड़ से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। सरकार का फोकस प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द आर्थिक और जरूरी राहत पहुंचाने पर है।
राहत शिविरों में भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविरों के साथ कम्युनिटी किचन भी चलाए जा रहे हैं, जहां प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के लिए चिकित्सा सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी रहने की बात कही गई है।




