पाकुड़: झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह पैरा लीगल वॉलिंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सभागार में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएलएसए सचिव रूपा बंदना किरो उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सचिव रूपा बंदना किरो ने उपस्थित सभी पैरा लीगल वॉलिंटियर्स के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पीएलवी के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए उनकी प्रगति और जिम्मेदारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पीएलवी को अपने कार्य कौशल को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की।
सचिव ने कहा कि पीएलवी की भूमिका समाज के उन लोगों तक कानूनी सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण है, जो किसी कारणवश अपने अधिकारों और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की जानकारी से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक वंचित एवं योग्य लोगों तक कानूनी सहायता पहुंचाने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में सक्रियता से काम करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख ने कानून से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रावधानों की बिंदुवार जानकारी दी। उन्होंने पीएलवी की जिम्मेदारियों और कानूनी प्रावधानों से जुड़े विभिन्न विषयों को विस्तार से समझाया, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी तरीके से कर सकें।
कार्यक्रम में सभी पैरा लीगल वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से पीएलवी के कार्य कौशल को विकसित करने, कानूनी सहायता की पहुंच बढ़ाने और जरूरतमंद एवं वंचित लोगों को उनके अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।




