भागलपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी अपने दो दिवसीय भागलपुर प्रवास के दूसरे दिन बाबा बूढ़ानाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा बूढ़ानाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि के साथ भाजपा संगठन की मजबूती के लिए प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से कलश में ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। बताया गया कि यह केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम था और कलश ज्योति यात्रा को उस दिन रवाना नहीं किया गया। प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, आगामी 7 सितंबर को कलश ज्योति यात्रा बूथ और मंडल स्तर से होते हुए भागलपुर जिला मुख्यालय पहुंचेगी, जहां स्वागत और सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मंदिर दर्शन के बाद संजय सरावगी होटल विद्या रेजीडेंसी में आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ता मिलन-सह-संवाद समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और सामूहिक वंदे मातरम गान के साथ हुई। समारोह में जिले के 200 से अधिक वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस दौरान संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है तो इसके पीछे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का त्याग, तपस्या और बलिदान है। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में जब पार्टी के पास संसाधन और कार्यालय तक नहीं थे, तब कार्यकर्ताओं ने साइकिल पर पार्टी का झंडा लगाकर और दीवारों पर नारे लिखकर संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने जिस भारत का सपना देखा था, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने धारा 370 हटाए जाने, राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक कानून का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार के कामकाज को रेखांकित किया। कार्यक्रम में संगठन प्रभारी अनंत नारायण मिश्रा, जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, विधायक रोहित पांडेय, प्रदेश महामंत्री राजू झा, प्रीति शेखर, क्षेत्रीय सह-प्रभारी राकेश कुमार, जिला प्रभारी राजेश जैन समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





