महागामा: नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या के समाधान को लेकर वार्ड पार्षद रॉकी जायसवाल ने पहल तेज कर दी है। मोहल्ले में जलजमाव और उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई है।
वार्ड पार्षद रॉकी जायसवाल ने बताया कि मोहल्ले की स्थिति को देखते हुए सड़क और नाली का निर्माण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत स्तर से फिलहाल तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करा दी गई है, ताकि लोगों को अस्थायी राहत मिल सके।
पार्षद के अनुसार, प्राथमिकता के आधार पर सड़क और नाली निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कराकर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड का विकास और स्थानीय लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 1 में सड़क, नाली, जल निकासी समेत अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने तत्काल जल निकासी की व्यवस्था किए जाने पर राहत जताई और सड़क व नाली निर्माण की पहल का स्वागत किया। लोगों ने निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।




