गोड्डा। पर्व-त्योहारों से पहले मिठाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. श्वेता अमृता लकड़ा और सुश्री वैशाली कुमारी ने गोड्डा शहर के सरकंडा क्षेत्र स्थित विभिन्न मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण किया। इस दौरान चार प्रतिष्ठानों से पनीर और खोवा के कानूनी नमूने लिए गए, जिन्हें रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच टीम ने सरकंडा चौक स्थित मंडल डेयरी एवं स्वीट्स कॉर्नर, पवन मिष्टान्न भंडार, सनोज मिष्टान्न भंडार और राजेश मिष्टान्न भंडार का निरीक्षण किया। मंडल डेयरी एवं स्वीट्स कॉर्नर से पनीर, पवन मिष्टान्न भंडार से पनीर और खोवा, सनोज मिष्टान्न भंडार से पनीर तथा राजेश मिष्टान्न भंडार से भी पनीर का नमूना लिया गया। प्रशासन के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच की गई। खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया। जांच में कुछ प्रतिष्ठान वैध खाद्य लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के बिना संचालित होते पाए गए। ऐसे दुकानदारों को एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से फूड लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया गया है। समय सीमा में लाइसेंस नहीं बनवाने पर जुर्माना सहित कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर विशेष निगरानी जरूरी है। विभाग की ओर से आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान भी जांच अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।




