भागलपुर: बिहार सरकार के भूमि एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में शामिल होने भागलपुर पहुंचे। मंत्री रेल मार्ग से भागलपुर आए, जहां रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और बुके देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा नेत्री सीमा जायसवाल भी स्टेशन पहुंचीं और मंत्री का स्वागत किया।
भागलपुर पहुंचने के बाद मंत्री दिलीप जायसवाल ने भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी कोसी स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। मंत्री ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से एनडीए प्रत्याशी डॉ. एनके यादव की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखें।
बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। मंत्री ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने और चुनाव की तैयारियों को गंभीरता से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और आगामी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।





