रांची : राज्य में इस साल के अंत तक स्थानीय निकायों के चुनाव होने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि, स्थानीय निकाय चुनाव दलगत आधार पर होंगे यह अभी स्पष्ट नहीं है।लेकिन चुनाव में अपने कार्यकर्ताओं की भागीदारी के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं की कमेटी बनाकर सर्वेक्षण का काम प्रारंभ करने की योजना बनाई है। निकाय चुनाव के लिए बनी नेताओं की यह कमेटी जिलों का दौरा करेगी।
संभावित उम्मीदवारों का नाम कार्यकर्ताओं से पूछने के बाद प्रदेश नेतृत्व को इससे अवगत कराया जाएगा। प्रदेश संगठन महामंत्री ने जुलाई महीने से पहले इस कमेटी के गठन और जिलों के दौरे की प्रक्रिया चलाने की सलाह दी है।निकाय चुनाव में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्र के मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा राज्य सरकार की नीतियों पर आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाने की योजना भी बना रही है।स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की योजना समर्पित कार्यकर्ताओं को उतारने की है। जीतने वाले प्रत्याशियों के चयन के लिए पहले से चली प्रक्रिया में कार्यकर्ताओं का चुनाव आसान होगा। स्थानीय निकाय चुनाव के जरिए भाजपा आने वाले दिन के लिए लीडरशिप तैयार करने की योजना में है।राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने हाल ही में प्रदेश के नेताओं को स्थानीय निकाय चुनाव में युवा और समर्पित कार्यकर्ताओं को मौका देने का निर्देश दिया है।
