स्कूली गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित प्रमंडल स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बर्मा रिफ्यूजी कॉलोनी के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के विद्यार्थियों और यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर कटिहार जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के बाद चयनित सभी खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शेखपुरा रवाना हो गए हैं।
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में चिराग कुमार, हेमंत कुमार, अंकित यादव और पार्थ कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, अंडर-17 वर्ग में गौरव कुमार और श्लोक कुमार ने बाजी मारी। अंडर-19 वर्ग में अंकित कुमार महतो, रितिक कुमार और सनी कुमार चंदेल ने गोल्ड मेडल जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की की। खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार और जिले में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश दुबे ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह सफलता वर्षों की मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। विद्यालय के खिलाड़ी पहले भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहे हैं। इस अवसर पर ताइक्वांडो कोच रामकुमार रावत, किशन कुमार रावत, शोलू कुमार, ताइक्वांडो महासंघ के जिला सचिव उत्तम जाधव और पूर्व शारीरिक शिक्षक सत्य प्रकाश ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी। अब सभी खिलाड़ियों से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।




