
कटिहार: जिले के कदवा प्रखंड की धपरसिया पंचायत स्थित मदरसा बदरुल उलूम चौकी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने सरकारी विद्यालयों की तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मदरसा के विद्यार्थियों को मध्यान भोजन के अलावा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में छात्रों को कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं, जबकि मदरसा के बच्चों को इनसे वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि गैर सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों और संस्कृत विद्यालयों के छात्रों को निशुल्क किताब और कॉपी उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इसका लाभ नहीं मिला है।
मदरसा के प्रभारी हेड मौलवी मो. मुजाहिद आलम ने बताया कि मदरसा में छह शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन फिलहाल केवल दो शिक्षक ही कार्यरत हैं। इससे कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की विषयवार पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जीव विज्ञान, भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित जैसे विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति अब तक नहीं हुई है।
उन्होंने सरकार से मदरसा में पर्याप्त संख्या में विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति करने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की। साथ ही बताया कि प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत मदरसा में नामांकित 109 छात्र-छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

