कटिहार: जिले में आपराधिक मामलों के त्वरित निस्तारण और प्रभावी अभियोजन को लेकर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य लोक अभियोजक, लोक अभियोजक, सभी अपर लोक अभियोजक तथा अभियोजन शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के त्वरित ट्रायल और समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करना था। इस दौरान लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई और अभियोजन प्रक्रिया में आ रही चुनौतियों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अभियोजन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीर एवं महत्वपूर्ण मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके। उन्होंने अभियोजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर कार्य करना होगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी और आवश्यक कदम उठाकर न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। कटिहार पुलिस के अनुसार इस पहल का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को और मजबूत करना तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना है।





