मेहरमा। प्रखंड अंचल क्षेत्र के कसवा पंचायत भवन में सोमवार को कसवा एवं मझगांय मौजा के प्रधान का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी के नेतृत्व में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में दोनों मौजा के रैयतों ने सर्वसम्मति से अपने-अपने प्रधान का चयन किया। दोनों पदों पर किसी अन्य प्रत्याशी के सामने नहीं आने के कारण चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ।
कसवा मौजा के रैयतों ने सर्वसम्मति से प्रेमशंकर मिश्रा के नाम पर सहमति जताई, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं, मझगांय मौजा के प्रधान पद के लिए रैयतों ने राकेश रंजन के नाम पर भरोसा जताते हुए उन्हें भी निर्विरोध चुन लिया।
दोनों के निर्वाचित होने की घोषणा के बाद मौजूद रैयतों एवं स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए उनका स्वागत किया और बधाई दी।
रैयतों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
नवनिर्वाचित प्रधान प्रेमशंकर मिश्रा एवं राकेश रंजन ने रैयतों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि मौजा के रैयतों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान अंचलाधिकारी खगेन महतो, मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, अंचल के कर्मचारी सहित दोनों मौजा के बड़ी संख्या में रैयत मौजूद रहे।
चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। वहीं, प्रधान निर्वाचित होने पर रैयतों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने प्रेमशंकर मिश्रा और राकेश रंजन को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।





